कर्मचारियों को विपश्यना ध्यान-शिविर में जाने के लिए मिलेगी 12 दिन की छुट्टी

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, मानसिक तनाव कम करने और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब राज्य के अधिकारी-कर्मचारी विपश्यना ध्यान के 10 दिवसीय आवासीय शिविर में भाग लेने के लिए विशेष अवकाश प्राप्त कर सकेंगे।
राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से जारी आदेश के अनुसार, अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों सहित राज्य सेवा के अधिकारी-कर्मचारियों को पूरे सेवाकाल में अधिकतम 6 बार विशेष आकस्मिक अवकाश ( स्पेशल कैजुअल लीव) मिलेगा। हर शिविर के लिए यात्रा समय समेत अधिकतम 12 दिन का अवकाश स्वीकृत होगा।
अवकाश की स्वीकृति संबंधित विभाग के सक्षम अधिकारी द्वारा, शासकीय कार्य प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखकर दी जाएगी। इस अवधि को ऑन ड्यूटी माना जाएगा और पूरा वेतन दिया जाएगा। शिविर में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य खर्च शासन की ओर से वहन नहीं किया जाएगा।