रायपुर। रायपुर के वीआईपी रोड स्थित ईडीओ क्लब में शनिवार देर रात पार्टी के दौरान जमकर हंगामा हो गया। डीजे कॉम्पिटिशन के दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों में विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
क्लब के अंदर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना की सूचना पर तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, EDO क्लब में आयोजित पार्टी में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल हुए थे। इसी दौरान DJ कॉम्पिटिशन चल रहा था। किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों गुट आपस में भिड़ गए। क्लब के अंदर मारपीट होने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस वीडियो समेत अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
तेलीबांधा पुलिस के मुताबिक, देर रात क्लब में मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पार्टी में बालिग के अलावा नाबालिग युवक-युवती शामिल थे या नहीं? इस दिशा में भी पुलिस जांच कर रही है।