भिलाई ने सांप ने काटी 500 घरों की बिजली! फाल्ट की वजह सामने आई तो कर्मचारी रह गए हैरान

भिलाई। शहर में बिजली गुल होने के पीछे आमतौर पर तकनीकी खराबी, तार टूटने या उपकरणों में गड़बड़ी जैसी वजहें सामने आती हैं, लेकिन भिलाई के चंद्रा मौर्या टॉकीज के पास शनिवार को बिजली कटौती की वजह कुछ अलग ही निकली। इलाके में रात से बिजली आपूर्ति बंद थी और 500 से अधिक उपभोक्ता परेशान थे। बिजली कंपनी की टीम जब खराबी तलाशने पहुंची तो शुरुआत में फाल्ट का कारण समझ नहीं आया। काफी मशक्कत के बाद जब असली वजह सामने आई तो कर्मचारी भी हैरान रह गए।

दरअसल, 11 केवी लाइन के एक खंभे पर लगे डीओ यूनिट के बीच करीब पांच फीट लंबा सांप फंसा हुआ था। करंट की चपेट में आने से सांप की मौत हो गई थी। माना जा रहा है कि इसी वजह से लाइन में फाल्ट आया और आसपास के इलाके में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

शिकायत के बाद मौके पर पहुंची टीम
रात से बिजली बंद होने की शिकायत मिलने के बाद बिजली कंपनी के कर्मचारी चंद्रा मौर्या टॉकीज के पास पहुंचे। टीम ने सबसे पहले 11 केवी लाइन से जुड़े उपकरणों की जांच की। आसपास के हिस्से को भी देखा गया, लेकिन काफी समय तक खराबी की वजह पता नहीं चल सकी। जब सामान्य जांच से फाल्ट का पता नहीं चला तो कर्मचारियों ने लाइन की फुट पेट्रोलिंग शुरू की। इसके तहत टीम ने लाइन से जुड़े खंभों और उपकरणों को एक-एक कर देखा। इसी दौरान एक डीपी पोल पर लगे डीओ यूनिट के पास कुछ असामान्य नजर आया।