खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: उत्सव डेयरी से 2 हजार किलो खोवा, 900 किलो पनीर नष्ट

बेमेतरा। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बेमेतरा जिले में बड़ी कार्रवाई की है। बेरला स्थित उत्सव डेयरी में छापेमारी के दौरान करीब 2,000 किलो खोवा, 900 किलो पनीर और 150 किलो मिठाइयां बेहद खराब हालत में रखी मिलीं। जांच में कई पैकेटों में फफूंद भी पाया गया। खाद्य पदार्थों के अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारण को देखते हुए विभाग ने नगर पालिका के अधिकारियों के सहयोग से पूरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया। वहीं एनालॉग पनीर निर्माण के संदेह पर नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। कार्रवाई के लिए रायपुर से खाद्य विभाग की विशेष टीम मौके पर पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार, नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में विभागीय टीम ने 15 नवंबर को बेरला स्थित उत्सव डेयरी का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में खोवा, पनीर और मिठाइयों का भंडारण बेहद गंदी परिस्थितियों में पाया गया। खाद्य पदार्थों के कई पैकेटों में फफूंद लगी हुई थी। इसके अलावा फर्श फिसलन भरा था और पूरे परिसर में स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाया गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक ने कहा कि प्रदेश में चलाए जा रहे ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थ तैयार करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।