राजधानी में हाई स्पीड कार की ट्रक से जोरदार टक्कर, वीआईपी रोड में मचा हड़कंप

रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार लग्जरी कार हादसे का शिकार हो गई। यह घटना वीआईपी रोड से तेलीबांधा शेर चौक के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार अजय शंकर पाण्डेय उर्फ अज्जू पांडे की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि अज्जू पांडे अपनी लग्जरी अल्काज़ार कार से वीआईपी रोड की तरफ से तेलीबांधा की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज रफ्तार में थी और सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हो गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसी समय पुलिस की पेट्रोलिंग टीम इलाके में गश्त कर रही थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रोक लिया। इसके बाद चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पेट्रोलिंग टीम में तैनात प्रधान आरक्षक तरुण यादव, आरक्षक संजय चंद्रवंशी और वाहन चालक मन्नू ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई।