नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम को उनकी पहली रणजी ट्रॉफी जीत पर हार्दिक बधाई दी है। पीएम मोदी ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत टीम के असाधारण साहस, अनुशासन और अटूट संकल्प को दर्शाती है। इसे जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए एक गर्व का क्षण बताते हुए, उन्होंने उल्लेख किया कि यह जीत क्षेत्र में बढ़ते खेल प्रेम और प्रतिभा को रेखांकित करती है।
प्रधानमंत्री ने आशा व्यक्त की कि यह उपलब्धि कई युवा एथलीटों को बड़े सपने देखने और खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करेगी।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर अपनी प्रसन्नता साझा करते हुए लिखा, “जम्मू-कश्मीर की टीम को अपनी पहली रणजी ट्रॉफी जीत पर बहुत-बहुत बधाई! यह ऐतिहासिक विजय टीम के असाधारण साहस, अनुशासन और अटूट संकल्प को दर्शाती है। यह जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए गर्व का क्षण है और यह वहां की बढ़ती खेल प्रतिभा और उत्साह को रेखांकित करता है। मेरी कामना है कि यह उपलब्धि हमारे कई युवा एथलीटों को बड़े सपने देखने और खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे।”
जम्मू-कश्मीर ने 67 साल का सूखा खत्म करते हुए शनिवार को रणजी ट्रॉफी के खिताब को पहली बार अपने नाम किया है । कर्नाटक के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट 2025-26 के फाइनल मैच में जम्मू-कश्मीर ने ड्रॉ खेला। पहली पारी के आधार पर मिली बड़ी बढ़त के दम पर जम्मू-कश्मीर चैंपियन बना।
कर्नाटक के खिलाफ खिताबी मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 584 रन बनाए। टीम की ओर से शुभम पुंडीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शतकीय पारी खेली। उन्होंने 121 रन बनाए, जबकि यावर हसन ने 88 रनों का योगदान दिया।
इसके जवाब में कर्नाटक की पूरी टीम 293 रन बनाकर सिमट गई और जम्मू-कश्मीर को पहली पारी के आधार पर 291 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की। कर्नाटक की तरफ से मयंक अग्रवाल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 160 रनों की लाजवाब पारी खेली। हालांकि, उन्हें बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। जम्मू-कश्मीर की ओर से गेंदबाजी में औकिब नबी डार ने 54 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जबकि युद्धवीर सिंह और सुनील कुमार ने दो-दो विकेट निकाले।
दूसरी पारी में भी जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। कमरान इकबाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 16 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 160 रनों की दमदार पारी खेली। अब्दुल समद ने 32 रनों का योगदान दिया। वहीं, साहिल लोत्रा ने भी 101 रनों की नाबाद पारी खेली। गेंदबाजी में कर्नाटक की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट चटकाए। खिताबी मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की टीम कर्नाटक पर पूरी तरह से हावी रही और उन्हें वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया।