नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी 2026 को राजस्थान के अजमेर का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह लगभग 11:30 बजे 16,680 करोड़ रुपए से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा एक जनसभा को संबोधित करेंगे। ये परियोजनाएं शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक अवसंरचना सहित प्रमुख क्षेत्रों से संबंधित हैं।
निवारक स्वास्थ्य देखभाल को सुदृढ़ करने और महिलाओं के कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री 14 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम करना है, जो महिलाओं में कैंसर संबंधी प्रमुख स्वास्थ्य चुनौतियों में शामिल है।
प्रधानमंत्री कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें बांदीकुई-जयपुर 4-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, अमृतसर-जामनगर आर्थिक कॉरिडोर के पैकेज 7 का 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीन हाईवे तथा दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 का 8-लेन कैरिजवे शामिल हैं। इसके साथ ही जोधपुर में 4-लेन एलिवेटेड रोड और बारां जिले में मालबमोरी-मंगरोल-बारां राज्य राजमार्ग की आधारशिला रखी जाएगी।
सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नोनेरा प्रमुख पेयजल परियोजना के चार पैकेज और परवान अकावाद प्रमुख पेयजल परियोजना के पांच पैकेज की आधारशिला रखी जाएगी। साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों से बिजली निकासी के लिए ट्रांसमिशन प्रणालियों का उद्घाटन तथा पांच 220 केवी और दो 400 केवी ग्रिड सबस्टेशन की आधारशिला रखी जाएगी।
रोजगार सृजन को बढ़ावा देते हुए प्रधानमंत्री राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त युवाओं को 21,800 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।