रायपुर में हुई अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की बैठक: जुलाई में AI और मीडिया पर राष्ट्रीय संगोष्ठी

रायपुर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (एबीआरएसएम) की कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू) इकाई की बैठक बुधवार को एनआईटी स्थित इंडियन कॉफी हाउस में हुई। इस बैठक में संगठन की आगे की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में तय किया गया कि पत्रकारिता शिक्षण एवं शोध से जुड़े विद्वानों को महासंघ से जोड़ा जाएगा। इसके लिए सदस्यता अभियान शुरू किया गया है। साथ ही हर पखवाड़े संगोष्ठी और मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे शिक्षकों और शोधकर्ताओं के बीच संवाद को बढ़ावा मिल सके।
प्रांत संयोजक प्रो. आरडी शर्मा ने कहा कि महासंघ देशभर में शिक्षा और शिक्षकों के विकास के लिए कार्य कर रहा है और इससे 15 लाख से अधिक शिक्षक जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के लगभग सभी विश्वविद्यालयों में संगठन की इकाइयों का गठन हो चुका है। केटीयू में भी यह इकाई पत्रकारिता शिक्षण और शोध का बेहतर वातावरण तैयार करने की दिशा में काम करेगी।
इकाई अध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय और उससे जुड़े कॉलेजों के पत्रकारिता शिक्षकों व शोधकर्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। सदस्यता अभियान के जरिए सभी को संगठन से जोड़ा जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जुलाई माह में “एआई और मीडिया” विषय पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
इस दौरान महासंघ का वार्षिक कैलेंडर पदाधिकारियों और सदस्यों को वितरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष डॉ. आकांक्षा दुबे ने आभार व्यक्त किया। बैठक में डॉ. अनामिका शर्मा, डॉ. कपिल प्रजापति, डॉ. प्रज्ञा गुप्ता और चंद्रशेखर शिवहरे सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।