नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तमिलनाडु की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘पारंपरिक दीपम जलाने पर रोक लगाने से लाखों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।’’ वैष्णव ने ‘‘देश की सभ्यतागत विरासत और मंदिरों की परंपराओं को मिटाने की कोशिशों के प्रति आगाह किया।’’
गुरुवार को भाजपा की ओर से आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वैष्णव ने सवाल किया कि यदि ऐसी पाबंदियों को चुनौती नहीं दी गई तो क्या भविष्य में नागरिकों को मंदिर जाने से भी रोक दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, “तमिलनाडु अपनी जगह कायम है। आपने एक दीपम जलाने पर रोक लगाकर लाखों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, उन्हें आहत किया है। आगे क्या होगा? आज आपने एक दीपम जलाने पर रोक लगाई है, कल आप कहेंगे कि कोई मंदिर नहीं जा सकता? वे मंदिर बंद कर देंगे। क्या वे यही चाहते हैं?”
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि ‘‘संविधान के प्रति सच्चा सम्मान दिखाने का अर्थ धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा करना और अपनी संस्कृति, भगवान मुरुगन तथा प्राचीन विरासत पर गर्व करना है।’’
वहीं, रेलवे परियोजनाओं के मुद्दे पर वैष्णव ने मंच से सीधे टीवीके से अपील करते हुए उसे भूमि अधिग्रहण की जिम्मेदारी उठाने की चुनौती दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार सभी आवश्यक धन उपलब्ध कराएगी और तमिलनाडु के लोगों को न्याय दिलाने के लिए हर परियोजना को बिना किसी बाधा के पूरा करेगी।
उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु में रेलवे परियोजनाओं के लिए करीब 4,800 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, लेकिन राज्य सरकार ने केवल 1,253 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया है, जो महज 24 प्रतिशत है।