ChatGPT से आईपीएल की नकली टिकट बनाकर बेची:दुर्ग के 4 युवक लखनऊ स्टेडियम के बाहर पकड़ाए

रायपुर। आईपीएल मैच के दौरान स्टेडियम के बाहर ChatGPT से नकली टिकट बनाकर बेच रहे दुर्ग के 4 आरोपियों को यूपी में गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई लखनऊ जिले की साइबर सेल और सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने की है।
आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में फर्जी IPL टिकट, लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और प्रिंटिंग सामग्री बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में दुर्ग निवासी श्रीकांत बोरकर, नूतन कुमार साहू, राजेंद्र चौधरी और विश्वजीत साहू शामिल है।
लखनऊ पुलिस के अनुसार, लखनऊ सुपर जॉइंट और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 7 मई को मैच खेला गया था। इस मैच को देखने के लिए जालौन निवासी प्रदीप सिंह स्टेडियम पहुंचे।
स्टेडियम के बाहर आरोपियों ने उन्हें दो टिकट बेचे और UPI के जरिए 1000 रुपए ले लिए। लेकिन एंट्री गेट पर टिकट स्कैन होते ही उसे फर्जी बताया गया।
इसके बाद पीड़ित ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और तकनीकी जांच के आधार पर लखनऊ के दोदनखेड़ा चौराहे के पास से चारों आरोपियों को पकड़ा।