रायपुर। रायपुर जिले में पिपरौद-बजरंगपुर नेशनल हाईवे पर देर रात ट्रक और रेत से भरे हाइवा की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन की मौत हो गई। तीनों मृतक धमतरी के रहने वाले थे। यह घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बजरंगपुर इलाके में निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास सोमवार देर रात करीब 3:30 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में किया। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में भारी आक्रोश का माहौल है। हालांकि पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस ने बताया कि ट्रक (CG 04 JC 7941) और हाइवा (CG 04 QP 2293) की तेज रफ्तार में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज लगभग दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे में दोनों वाहनों में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान भागवत राम साहू (65), निवासी कुटीपारा पारागांव, दीपक पटेल (22), निवासी कातलबोड़ (कुरूद, धमतरी) और सुमित यादव (19), निवासी झूरानवागांव (कुरूद, धमतरी) के रूप में हुई है।
हमेशा हादसे का खतरा
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को वाहन से बाहर निकाला। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोग हमेशा भारी वाहनों की से हादसे का खतरा सताता है। वहीं बीती रात हुए भीषण हादसे से इलाके में सनसनी फैल गई। दूसरी ओर प्रशासन इन हादसों पर लगाम लगाने के लिए कार्रवाई नहीं कर रही है।