नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे के कारण हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।
पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।”
वहीं, राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए एक्स पर कहा कि अहमदाबाद की एक पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे की खबर बेहद दुखद है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि इस त्रासदी में जान गंवाने वालों की आत्मा को शांति मिले। मैं उनके परिवार वालों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। स्थानीय प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को हर ज़रूरी मदद और इलाज मुहैया कराया जा रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हादसे में घायल हुए नागरिक जल्द स्वस्थ हों।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
शनिवार को अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में रामोल-गतराड मार्ग पर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई थी। हादसे में कुछ लोगों मौत की हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।