ट्रेनों में सीटें फुल, लंबी वेटिंग से यात्रियों की परेशानी बढ़ी

रायपुर। दुर्ग-रायपुर से देश के कई प्रमुख शहरों के लिए ट्रेनें हैं, लेकिन कई रूटों पर सीधी सेवा नहीं होने और मौजूदा ट्रेनों में लंबी वेटिंग से यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है। हरिद्वार के लिए दुर्ग-रायपुर से सीधी नियमित ट्रेन नहीं है। यात्रियों को बिलासपुर जाकर उत्कल एक्सप्रेस पकड़नी पड़ती है। कामाख्या के लिए साप्ताहिक कर्मभूमि एक्सप्रेस में स्लीपर और एसी दोनों में नो-रूम की स्थिति है। वाराणसी जाने वाली ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग है। मुंबई रूट पर यात्री दबाव के कारण सीटें जल्दी भर रही हैं।

इसी परेशानी को देखते हुए दुर्ग सांसद विजय बघेल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर नई ट्रेनें शुरू करने और मौजूदा सेवाओं को नियमित करने की मांग की है। इसमें दुर्ग-हरिद्वार स्पेशल और दुर्ग-सुल्तानपुर स्पेशल को नियमित करने, दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस को रोज चलाने का प्रस्ताव है। दुर्ग-अमृतसर, दुर्ग-बनारस वंदे भारत और कामाख्या-दुर्ग अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने की भी मांग की गई है। दुर्ग-अंबिकापुर इंटरसिटी और कोरबा-रायपुर इंटरसिटी को दुर्ग तक विस्तारित करने का प्रस्ताव भी दिया गया है।