हर-एकड़ में एक बोरी से ज्यादा DAP-यूरिया खरीद सकेंगे किसान : प्रशासन का दावा-जिले में पर्याप्त स्टॉक

रायपुर। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि नैनो उर्वरक लेना किसानों के लिए पूरी तरह वैकल्पिक रहेगा और किसी पर दबाव नहीं बनाया जाएगा।
खरीफ सीजन को देखते हुए जिले की सहकारी समितियों में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण किया गया है। कृषि विभाग ने साफ किया है कि किसानों को प्रति एकड़ एक-एक बोरी डीएपी या यूरिया लेने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। विभाग के मुताबिक किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार ही खाद उपलब्ध कराया जाएगा।
कृषि विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ के संग्रहण केंद्रों से समितियों में 10732 मीट्रिक टन यूरिया और 3927 मीट्रिक टन डीएपी भंडारित किया गया था। वर्तमान में जिले की समितियों में 9102 मीट्रिक टन यूरिया और 3092 मीट्रिक टन डी.ए.पी. खाद उपलब्ध है। विभाग ने कहा कि खाद का वितरण और दोबारा भंडारण लगातार जारी रहेगा।
विभाग ने उर्वरकों की कमी को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए किसानों से जरूरत के मुताबिक ही खाद उठाने की अपील की है। साथ ही यूरिया और डीएपी के वैकल्पिक स्रोतों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया है।
शासन के निर्देशानुसार, किसानों को पिछले साल वितरित यूरिया का 80 प्रतिशत और डीएपी का 60 प्रतिशत हिस्सा उपलब्ध कराया जाएगा। बाकी मात्रा पारंपरिक आपूर्ति नहीं होने पर नैनो यूरिया, नैनो डीएपी या अन्य एनपीके उर्वरकों के जरिए दी जाएगी।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि, नैनो उर्वरक लेना किसानों के लिए पूरी तरह वैकल्पिक रहेगा और किसी पर दबाव नहीं बनाया जाएगा। वहीं 2.50 एकड़ तक भूमि वाले सीमांत किसानों को यूरिया एकमुश्त दिया जाएगा। 2.50 से 5 एकड़ तक वाले किसानों को दो किस्तों में और 5 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन किस्तों में खाद उपलब्ध कराया जाएगा।